देश की खबरें | भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष को बदलने के संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई : बोम्मई

बेंगलुरू, 28 अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कटील को तीन साल का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए रविवार को कहा कि पार्टी में सांगठनिक बदलाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

बोम्मई ने यह भी उम्मीद जताई कि कटील का नेतृत्व आने वाले दिनों में पार्टी को और मजबूती प्रदान करता रहेगा।

मार्च-अप्रैल 2023 में कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘कटील ने पिछले तीन वर्षों के दौरान पार्टी के मामलों को पूरी कुशलता के साथ संभाला है। उन्होंने राज्यभर में लगभग आठ से 10 बार यात्रा की है। उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी को संगठित कर मजबूती प्रदान की है। पार्टी ने उनके कुशल नेतृत्व में ग्राम पंचायत चुनाव, विधान परिषद चुनाव और उपचुनावों का सफलतापूर्वक सामना किया है।’’

मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सत्तारूढ़ दल सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है और कटील का नेतृत्व आने वाले दिनों में भाजपा को और मजबूती प्रदान करता रहेगा।

एक सवाल के जवाब में कि क्या पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष सहित कोई संगठनात्मक परिवर्तन होगा, बोम्मई ने कहा, ‘‘मुझे ऐसी चीजों की जानकारी नहीं है, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है।’’

भाजपा ने हिंदुत्व विचारधारा के कट्टर समर्थक माने जाने वाले दक्षिण कन्नड़ क्षेत्र से लोकसभा सदस्य कटील को अगस्त 2019 में पार्टी की कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था। कटील ने बी. एस. येदियुरप्पा की जगह ली थी।

दरअसल, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पिछले कुछ समय से पार्टी की राज्य इकाई और कैबिनेट में संगठनात्मक बदलाव को लेकर अटकलें हैं।

बेंगलुरु के चामराजपेट में ईदगाह मैदान में गणेश उत्सव के आयोजन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में बोम्मई ने कहा, ‘‘यह जल्द ही तय किया जाएगा। राजस्व मंत्री ने कल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की है, आवेदनों का सत्यापन जारी है, उसके बाद ही हम फैसला करेंगे।’’

राजस्व मंत्री आर. अशोक ने शनिवार को कहा था कि चामराजपेट के ईदगाह मैदान में गणेश उत्सव मनाने की अनुमति पर सरकार को अभी अंतिम फैसला लेना है और संभवत: 30 अगस्त को इस पर फैसला हो सकता है।

कर्नाटक उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने शुक्रवार को राज्य सरकार को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए चामराजपेट में ईदगाह मैदान के उपयोग की मांग करने वाले आवेदनों पर विचार करने और उचित आदेश पारित करने की अनुमति दी थी।

गौरतलब है कि ईदगाह मैदान में गणेश उत्सव आयोजित करने की अनुमति मांगने के लिए कई समूह आगे आए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)