बेंगलुरु, 21 फरवरी बेंगलुरु में 40 वर्षीय एक नाइजीरियाई नागरिक की हत्या किए जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को संदेह था कि नाइजीरियाई नागरिक मादक पदार्थों का तस्कर था।
उसने बताया कि यह घटना बुधवार को बेल्लाहल्ली में हुई जो भागलुरु पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पुलिस ने बताया कि ‘चिकन’ की दुकान पर काम करने वाले यासीन खान को इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
उसने बताया कि आदियाको मासालियो अपने सहयोगी के साथ ‘चिकन’ की एक स्थानीय दुकान पर आया था और उसने कथित तौर पर संदिग्ध व्यवहार किया।
खान को संदेह हुआ कि मासालियो मादक पदार्थ तस्कर था जो नशीले पदार्थ रखने तथा खरीदारों को वहां से इसे लेने के लिए स्थान बताने आया था। खान ने कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उससे पूछताछ की जिसके बाद उनके बीच झगड़ा हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहस बढ़ने पर नाइजीरियाई व्यक्ति ने खान पर कथित तौर पर हमला कर दिया और पास की एक दुकान से चाकू भी उठा लिया तथा उसे चाकू मारने की धमकी दी।
इस बीच खान ने नाइजीरियाई व्यक्ति के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को नाइजीरियाई नागरिक के पास से कोई मादक पदार्थ या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई तथा अपराध संबंधी रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं पाया गया।
अधिकारी ने बताया, "हमने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY