भाजपा नेता, भाई की हत्या के मामले में एनआईए ने छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र किया दाखिल
एनआई के प्रवक्ता के अनुसार आतंकवादी संगठन के कथित सदस्य निसार अहमद शेख, निशाद अहमद बट और आज़ाद हुसैन बागवान के नाम आरोपपत्र में दर्ज हैं और उन पर भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं।
जम्मू, 15 मई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जम्मू-कश्मीर में भाजपा के सचिव अनिल परिहार और उसके भाई की 2018 में हुई हत्या के मामले में छह लोगों के खिलाफ शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया। इनमें हिज्बुल मुजाहिद्दीन के तीन आतंकवादी भी शामिल हैं, जिन्हें मुठभेड़ में मार गिराया जा चुका है।
एनआई के प्रवक्ता के अनुसार आतंकवादी संगठन के कथित सदस्य निसार अहमद शेख, निशाद अहमद बट और आज़ाद हुसैन बागवान के नाम आरोपपत्र में दर्ज हैं और उन पर भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं।
आरोपपत्र यहां विशेष अदालत में दाखिल किया गया है।
एनआईए ने ओसामा-बिन-जाविद, हारून अब्बास वानी और जाहिद हुसैन के नाम भी आरोप पत्र में दर्ज किए हैं, जिनपर एक नवम्बर 2018 को किश्तवाड़ में आतंकवादी हमले को अंजाम देने का आरोप है। ये तीनों हालांकि सितम्बर 2019 से जनवरी 2020 के बीच सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
परिहार और उनके भाई की 2018 में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जांच के दौरान एनआईए ने आरोप लगाया था कि किश्तवाड़ निवासी शेख, बट और बागवान ने भाजपा नेता और उनके भाई पर हमले में तीन आतंकवादियों की मदद की। शेख, बट और बागवान को पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार कर लिया गया था।
एनआईए का कहना है कि तीनों आतंकवादियों ने परिहार बंधुओं की हत्या ही नहीं की, बल्कि किश्तवाड़ में तीन अन्य आतंकी घटनाओं को भी अंजाम दिया ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)