मणिपुरी युवती से नस्ली दुर्व्यवहार, पिटाई को लेकर हरियाणा सरकार और पुलिस को एनएचआरसी का नोटिस

आयोग ने खबरों का जिक्र करते हुए कहा कि 20 वर्षीय युवती से पहले एक उम्रदराज महिला ने दुर्व्यवहार किया और उनके बीच कहा-सुनी शुरू होने पर भीड़ ने युवती को ‘‘कोरोना’’ कह कर पुकारा।

जमात

नयी दिल्ली, 15 मई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुड़गांव में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा एक मणिपुरी युवती से कथित तौर पर नस्ली दुर्व्यवहार और उसकी पिटाई किये जाने की खबरों को लेकर हरियाणा सरकार और गुड़गांव पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजा है।

आयोग ने खबरों का जिक्र करते हुए कहा कि 20 वर्षीय युवती से पहले एक उम्रदराज महिला ने दुर्व्यवहार किया और उनके बीच कहा-सुनी शुरू होने पर भीड़ ने युवती को ‘‘कोरोना’’ कह कर पुकारा।

एनएचआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मीडिया में आई इन खबरों पर स्वत:संज्ञान लिया है कि रविवार दोपहर मणिपुर की रहने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ गुड़गांव के कुछ स्थानीय लोगों ने नस्ली दुर्व्यवहार किया और उस पर नृशंस हमला किया। ’’

इसमें कहा गया है, ‘‘यह बहुत ही घिनौना है कि अपने ही देश के पूर्वोत्तर हिस्से की रहने वाली एक युवती से एनसीआर में एक स्थानीय परिवार ने नस्ली भेदभाव किया और उसकी पिटाई की।’’

बयान में कहा गया है कि इस घटना को लेकर हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव और गुड़गांव के पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजे गये हैं। उनसे चार हफ्तों के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है और प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद पुलिस की जांच की स्थिति तथा पीड़िता को प्राधिकारों द्वारा मुहैया की राहत के बारे में भी बताने को कहा गया है।

इसमें कहा गया है कि आयोग पीड़िता के स्वास्थ्य और जिला प्रशासन द्वारा उसे मुहैया कराये गये इलाज की स्थिति भी जानना चाहता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now