देश की खबरें | पहलगाम हमले के बाद सैन्य कमांडर को ‘हटाने’ की खबर फर्जी : सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने ‘‘पाकिस्तान समर्थक कई सोशल मीडिया अकांउट’’ द्वारा किए गए उन दावों का बुधवार को खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार को पहलगाम हमले के बाद उनके पद से हटा दिया गया है।
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने ‘‘पाकिस्तान समर्थक कई सोशल मीडिया अकांउट’’ द्वारा किए गए उन दावों का बुधवार को खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार को पहलगाम हमले के बाद उनके पद से हटा दिया गया है।
भारतीय सेना में चार दशकों का शानदार सेवा देने के बाद जनरल ऑफिसर ने 30 अप्रैल को अवकाश प्राप्त किया। सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक एक पोस्ट में ‘‘उनके अनुकरणीय नेतृत्व, सर्वोच्च पेशेवर और राष्ट्र के प्रति बेदाग सेवा के लिए आभार’’ व्यक्त किया।
पीआईबी फैक्ट चेक ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कई पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट झूठा दावा कर रहे हैं कि पहलगाम की घटना के बाद उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुचिन्द्र कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने इन पोस्ट में किए जा रहे दावों को फर्जी पाया।’’
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़े तनाव के बीच सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट किए गए हैं। आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
लेफ्टिनेंट जनरल कुमार ने फरवरी 2024 में भारतीय सेना की उधमपुर स्थित उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
वह 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा उत्तरी कमान के नए जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ होंगे और बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण करेंगे।
पीआईबी फैक्ट चेक ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में, बताया कि एक एक्स हैंडल सोशल मीडिया पर एक ‘फर्जी’ तस्वीर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें ‘‘गलत दावा किया गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल कुमार के खिलाफ औपचारिक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है।’’
पीआईबी ने कहा, ‘‘पीआईबी फैक्ट चेक ने पाया कि यह तस्वीर फर्जी है। एकीकृत सेना के मुख्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल द्वारा ऐसा कोई पोस्ट कभी नहीं किया गया है।’’
इससे पहले दिन में सेना ने बुधवार को उत्तरी कमान द्वारा ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि जनरल ऑफिसर को ‘‘कमान के बहादुर पुरुष और महिला सैनिकों द्वारा उचित विदाई दी गई।’’
इसमें कहा गया कि लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार ने भारतीय सेना में चार दशकों का शानदार कार्यकाल पूरा करने के बाद आज भारतीय सेना की उत्तरी कमान से अवकाश प्राप्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘कमान के बहादुर पुरुष और महिला सैनिकों द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। भारतीय सेना उनके अनुकरणीय नेतृत्व, सर्वोच्च पेशेवर और राष्ट्र के प्रति बेदाग सेवा के लिए गहरा आभार व्यक्त करती है।’’
उत्तरी कमान ने अपने पोस्ट में लिखा कि लेफ्टिनेंट जनरल कुमार ने उत्तरी कमान की कमान छोड़ने और सेवानिवृत्त होने पर उधमपुर स्थित ध्रुव युद्ध स्मारक पर बहादुरों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मा देने के लिए पुष्पांजलि अर्पित की।
पीआईबी ने सोमवार को बताया था कि कुछ पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट गलत दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से संबंधित ‘गोपनीय दस्तावेज’ लीक हो गए हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में पीआईबी फैक्ट चेक ने इन दस्तावेजों को ‘‘फर्जी’’ करार दिया।
पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट झूठा दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए हैं। पीआईबी फैक्ट चेक तसदीक करता है कि ये दस्तावेज फर्जी हैं। कृपया असत्यापित जानकारी साझा करने से बचें और सटीक जानकारी के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।’’
रक्षा मंत्रालय ने रविवार को आगाह किया कि व्हाट्सऐप पर एक ‘भ्रामक’ संदेश चल रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरकार ने भारतीय सेना के आधुनिकीकरण के लिए दान मांगने हेतु एक बैंक खाता खोला है।
मंत्रालय ने इस संदेश का खंडन किया और लोगों से ‘‘सतर्क रहने तथा ऐसे धोखाधड़ी वाले संदेशों का शिकार न होने’’ का आग्रह किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)