देश की खबरें | राजस्थान के 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर खुलेंगे नए उप स्वास्थ्य केंद्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान सरकार 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलेगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जयपुर, आठ फरवरी राजस्थान सरकार 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलेगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ‘निरोगी राजस्थान’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर कदम उठा रही है और इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों में नए उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने की स्वीकृति दी है।
उन्होंने कहा कि इन उप स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए कुल 502 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (प्रत्येक केंद्र पर एक) के पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।
प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक नए उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य के लिए 30 लाख रुपए तक का प्रावधान किया गया है। नवीन उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्मित होने तक वैकल्पिक रूप से अस्थायी भवनों में इनके संचालन की व्यवस्था की जाएगी।
सरकारी बयान में दावा किया गया है कि राज्य सरकार द्वारा नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्रों के खोले जाने से प्रति एक लाख जनसंख्या पर 18 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ राजस्थान आज देश में प्रथम स्थान पर है।
उल्लेखनीय है कि गहलोत ने बजट 2022-23 में राज्य के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)