एन95 मास्क के लिए नया बदलने योग्य, अधिक प्रभावी फिल्टर विकसित

सऊदी अरब के किंग अब्दुल्ला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (केएयूएसटी) के अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक फिल्टर के छिद्र के आकार सामान्य एन95 मास्क से कम हैं जो वायरस के अधिक कणों को रोकने में सक्षम हैं।

जियो

नयी दिल्ली, 22 मई अनुसंधानकर्ताओं ने अधिक प्रभावी झिल्ली वाला फिल्टर विकसित किया है जिसे सामान्य एन95 मास्क में लगाया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर बदला जा सकता है।

सऊदी अरब के किंग अब्दुल्ला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (केएयूएसटी) के अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक फिल्टर के छिद्र के आकार सामान्य एन95 मास्क से कम हैं जो वायरस के अधिक कणों को रोकने में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 का प्रकोप फैलने के बाद से, चेहरे पर लगाने वाले मास्क खासकर एन95 की दुनिया भर में कमी देखी गई है। इस मास्क को कभी सिर्फ स्वास्थ्य कर्मी पहना करते थे।

अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि भले ही यह मास्क वर्तमान में उपलपब्ध किसी भी अन्य मास्क की तुलना में अधिक सुरक्षा प्रदान करते हैं लेकिन इनकी भी कुछ सीमाएं हैं।

उन्होंने कहा कि एन95 मास्क 300 नैनोमीटर से छोटे कणों को 85 प्रतिशत तक छानने में सक्षम होते हैं।

अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि कोविड-19 के लिए जिम्मेदार कोरोना वायरस, सार्स-सीओवी-2 का आकार 65-125 नैनोमीटर के बीच होता है इसलिए कुछ कण इन मास्क के भीतर से प्रवेश कर सकते हैं।

मास्क की कमी के कारण, कई स्वास्थ्य कर्मियों को बार-बार एक ही एन95 मास्क पहनना पड़ता है जबकि इन्हें केवल एक बार पहना जाना चाहिए।

इन समस्याओं से पार पाने के लिए, मोहम्मद मुस्तफा हुसैन और उनके सहयोगी ऐसी झिल्ली विकसित करना चाहते थे जो सार्स-सीओवी-2 के आकार के कणों को ज्यादा प्रभावी ढंग से छान सके और प्रत्येक इस्तेमाल के बाद इसे एन95 मास्क में बदलकर लगाया जा सके।

उन्होंने बताया कि यह झिल्ली अपने आप ही साफ ही हो जाती है और छिद्रों में वायरस या कोई कण जमा नहीं होता है।

अनुसंधानकर्ताओं ने इस फिल्टर को विकसित करने की प्रक्रिया के बारे में ‘एसीएस नैनो’ पत्रिका में विस्तार से बताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\