देश की खबरें | एनसीबी ने दिल्ली के जामिया नगर से 50 किग्रा हेरोइन जब्त की, एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने उच्च गुणवत्ता की करीब 50 किग्रा हेरोइन यहां जामिया नगर के शाहीन बाग इलाके से जब्त की और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संघीय मादक-पदार्थ रोधी एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 28 फरवरी स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने उच्च गुणवत्ता की करीब 50 किग्रा हेरोइन यहां जामिया नगर के शाहीन बाग इलाके से जब्त की और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संघीय मादक-पदार्थ रोधी एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एनसीबी ने छापेमारी की इस कार्रवाई के बाद अफगानिस्तान से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करने का भी दावा किया है।
एनसीबी के उप महानिदेशक (अभियान) संजय कुमार सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बुधवार को दक्षिण दिल्ली के आवासीय परिसरों में छापेमारी के बाद 30 लाख रुपये नकद भी बरामद किये गये।
अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ थैलों, जूट की बोरी में और ई-कॉमर्स कंपनियों के पैकेट में लपेट कर रखा गया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली में मादक पदार्थों की, वह भी किसी आवासीय इलाके से यह सबसे बड़ी जब्ती है।
अधिकारी ने बताया कि अन्य 47 किग्रा ‘संदिग्ध’ मादक पदार्थ भी परिसरों से जब्त किया गया और एनसीबी ने जांच के लिए उसे प्रयोगशाला भेज दिया है।
सिंह ने कहा, ‘‘यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तथा पड़ोसी राज्यों में सक्रिय एक ‘इंडो-अफगान’ (भारत-अफगान) गिरोह इस मामले से संबद्ध है। इस गिरोह को स्थानीय स्तर पर हेरोइन उत्पादन करने में महारत हासिल है। ’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरोह का सरगना दुबई में रहता है और एजेंसी मामले की आगे की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति, भारतीय नागरिक, को गिरफ्तार किया गया है वह शाहीन बाग में छापा मारे गये आवासीय अपार्टमेंट में नहीं रहता था और उसने इसे किराये पर ले रखा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)