देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली कमांडर ने आत्मसमर्पण किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सली कमांडर ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस ने नक्सली द्वारा बताए गए स्थान से तीन बारूदी सुरंग बरामद की हैं।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, तीन अगस्त छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सली कमांडर ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस ने नक्सली द्वारा बताए गए स्थान से तीन बारूदी सुरंग बरामद की हैं।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने सोमवार को बताया कि जनमिलिशिया कमांडर गुड्डी कर्मा (23) ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने कर्मा द्वारा बताए गए स्थान से तीन बारूदी सुरंग भी बरामद की हैं। इनमें से एक का वजन 10 किलोग्राम वहीं अन्य दो का वजन तीन-तीन किलोग्राम था।

यह भी पढ़े | मुंबई में अगले दो दिनों तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी : 3 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पल्लव ने बताया कि पुलिस ने यह बारूदी सुरंग किरंदुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिरोली और पीरनार गांव के मध्य सड़क से बरामद की हैं। बमों को नष्ट कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने यह बम 28 जुलाई से तीन अगस्त के बीच चल रहे शहीद सप्ताह के दौरान पुलिस दल को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए थे।

यह भी पढ़े | Ram Mandir Bhoomi Poojan on August 5: अयोध्या में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीएम योगी ने लिया जायजा; जानें 10 बड़ी बातें.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कर्मा ने पुलिस को बताया कि उसने नक्सलियों की विचारधारा से परेशान होकर तथा स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए जा रहे पुर्नवास कार्यक्रम लोन वर्राटू से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है।

पल्लव ने बताया कि कर्मा पर कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। वह वर्ष 2014 से लेकर अब तक चार ग्रामीणों की हत्या, राष्ट्रीय खनिज विकास निगम की खदानों में लगे वाहनों में आगजनी तथा पुलिस कर्मी की अपहरण की घटना में शामिल रहा है।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले कर्मा को प्रोत्साहन के रूप में 10 हजार रूपए प्रदान किए गए हैं। राज्य सरकार की पुर्नवास नीति के तहत भी उसकी मदद की जाएगी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोन वर्राटू गोंडी बोली का शब्द है जिसका अर्थ वापस लौट आओ होता है। इस अभियान को बीते जून माह में प्रारंभ किया गया था। जिसके तहत इनामी नक्सलियों के गांवों में उनका पोस्टर बैनर लगाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लौट आने के लिए कहा जा रहा है।

उन्होंने बताया इस अभियान के तहत अभी तक 70 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।

संजीव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\