देश की खबरें | नौसेना चार दिसंबर को पुरी में अपनी समुद्री क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना चार दिसंबर को नौसेना दिवस के मौके पर ओडिशा में पुरी के ‘ब्लू फ्लैग’ समुद्र तट पर अपनी दुर्जेय समुद्री क्षमताओं और परिचालन शक्ति का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ नवंबर भारतीय नौसेना चार दिसंबर को नौसेना दिवस के मौके पर ओडिशा में पुरी के ‘ब्लू फ्लैग’ समुद्र तट पर अपनी दुर्जेय समुद्री क्षमताओं और परिचालन शक्ति का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नौसेना के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनने के लिए सहमति दे दी है।
इस कार्यक्रम में नौसेना की बहुमुखी क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाता है और नागरिकों में समुद्री जागरूकता बढ़ाई जाती है।
बयान में कहा गया है कि 2024 का ‘ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन’ या ‘ऑप डेमो’ ‘ब्लू फ्लैग बीच’ की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जायेगा, जो भारतीय नौसेना और ओडिशा राज्य की समुद्री विरासत के बीच संबंध का प्रतीक है।
पुरी को कुछ साल पहले ‘ब्लू फ्लैग बीच’ प्रमाणन मिला था।
‘ब्लू फ्लैग’ एक पारिस्थितिकी पर्यटन मॉडल को दर्शाता है। ‘ब्लू फ्लैग’ प्रमाणन पाने के लिए समुद्र तटों को कई मानदंडों को पूरा करना होता है। इन मानदंडों में पर्यावरण प्रबंधन, जल गुणवत्ता, सुरक्षा और सार्वजनिक पर्यावरण शिक्षा शामिल हैं।
भारतीय नौसेना ने कहा कि वह इस आयोजन के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
इसने कहा कि इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया जायेगा और अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचने के लिए भारतीय नौसेना के यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी इसका प्रसारण किया जायेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)