नयी दिल्ली, दो मई नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार मंगलवार को सिंगापुर के एक अहम नौसैनिक अड्डे पर पहले आसियान-भारत समुद्री अभ्यास के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए।
भारत और सिंगापुर की नौसेनाएं इस अभ्यास की सह-मेजबानी कर रही हैं। इस अभ्यास में आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन) के अन्य देशों के पोत एवं कर्मी भी शामिल होंगे।
इस अभ्यास में शामिल होने के लिए भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत सोमवार को सिंगापुर पहुंचे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार एडमिरल हरि कुमार और सिंगापुर के नौसेना प्रमुख सीन वाट ने आसियान देशों के वरिष्ठ गणमान्य लोगों की उपस्थिति में संयुक्त रूप से इस समारोह का उद्घाटन किया।
मंत्रालय ने बताया कि अभ्यास के बंदरगाह चरण का आयोजन दो से चार मई तक चांगी नौसेना अड्डे में और समुद्री चरण का आयोजन सात से आठ मई तक दक्षिण चीन सागर में किया जाएगा।
एडमिरल हरि कुमार अंतरराष्ट्रीय समुद्री रक्षा प्रदर्शनी आईएमडीईएक्स-23 के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे और भविष्य के ‘समुद्री पर्यावरण क्षेत्र में सहयोग’ विषय पर आठवें अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा सम्मेलन (आईएमएससी) में एक परिचर्चा के दौरान अपना वक्तव्य भी देंगे, जिसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय समुद्री रक्षा प्रदर्शनी 23 के साथ किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि एडमिरल कुमार सिंगापुर के रक्षा मंत्री से भी मुलाकात करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY