नासिक (महाराष्ट्र), पांच अगस्त महाराष्ट्र के नासिक शहर में नगरीय बसों का परिचालन करने वाली कंपनी के कर्मचारियों के एक धड़े का हड़ताल शनिवार को लगातार दूसरे दिन में प्रवेश कर गया, जिसकी वजह से हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
नासिक नगर निगम (एनएमसी) की बस परिचालन सेवा ‘सिटीलिंक’ द्वारा जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, उसके परिचालक जून का वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाकर शुक्रवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
नासिक महानगर परिवहन निगम लिमिटेड (सिटीलिंक) ने मैक्स डिटेक्टिव ऐंड सिक्युरिटी कंपनी को बस सेवा के लिए टिकट राशि वसूलने का ठेका दिया है।
इस मुद्दे का समाधान करने के लिए शुक्रवार को बैठक हुई थी, जो बेनतीजा रही।
सिटीलिंक के परिचालक मई और जून के वेतन का भुगतान न होने को लेकर पहले भी हड़ताल पर चले गए थे। उस समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हस्तक्षेप की वजह से 19 जुलाई को हड़ताल वापस ले ली थी।
कर्मचारियों द्वारा ‘काम रोको’ प्रदर्शन की वजह से कार्यालय जाने वाले, छात्रों और अन्य लोगों को परेशानी हो रही है। कई लोगों ने शहर में ऑटोरिक्शा वालों द्वारा अधिक किराया लेने की शिकायत की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY