देश की खबरें | मिजोरम की मतदाता सूची से छह हजार ब्रू मतदाताओं के नाम हटाए गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम की मतदाता सूची से छह हजार से अधिक ब्रू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

आइजोल, 19 जुलाई मिजोरम की मतदाता सूची से छह हजार से अधिक ब्रू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 2020 में हुए समझौते के बाद त्रिपुरा में बसने की वजह से इन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं, वे ममित, कोलासिब और लुंगलेई जिलों के नौ विधानसभा क्षेत्र के मतदाता थे।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र ममित, डंपा और हाचेक विधानसभा क्षेत्रों से 4,900 से अधिक, कोलासिब, सेरलुई और तुइरियल विधानसभा क्षेत्रों से 948 और लुंगलेई दक्षिण, थोरांग और पश्चिम तुईपुई विधानसभा क्षेत्रों से 334 ब्रू मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि ब्रू मतदाताओं की अंतिम संख्या दो अगस्त को प्रकाशित होने वाले मतदाता सूची के मसौदे से पता चलेगी। साथ ही मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार अक्टूबर को निर्धारित किया गया है।

ब्रू उग्रवादियों द्वारा 1997 में एक मिजो वन अधिकारी की हत्या के बाद जातीय तनाव बढ़ गया था। इसके बाद हजारों ब्रू मतदाता त्रिपुरा भाग गए थे। तब से वे दो वहां शिविरों में रह रहे हैं।

मिजोरम और त्रिपुरा की सरकारों और केंद्र ने ब्रू आदिवासियों को त्रिपुरा से वापस लाने के लिए 2009 और 2019 के बीच कई बार प्रयास किए।

इसके बाद केंद्र, दोनों राज्य सरकारों और कई ब्रू संगठनों के प्रतिनिधियों ने 16 जनवरी 2020 को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके अनुसार मिजोरम लौटने के अनिच्छुक 35,000 से अधिक विस्थापित ब्रू आदिवासियों को त्रिपुरा में स्थायी रूप से बसने की अनुमति दे दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\