देश की खबरें | नगा राजनीतिक वार्ता पर एनएससीएन-आईएम के फैसले के बाद नगालैंड सरकार उचित कदम उठाएगी: जेलिआंग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सर्वदलीय ‘यूनाइटेड डेमाक्रेटिक अलायंस नगालैंड’ (यूडीएएन) अध्यक्ष टी. आर. जेलिआंग ने सोमवार को कहा कि नगा राजनीतिक मुद्दे पर आगे की बातचीत के लिए दिल्ली जाने के संबंध में एनएससीएन (आईएम) के फैसले के बाद राज्य सरकार इस दिशा में उचित कदम उठाएगी।
कोहिमा, 18 जुलाई सर्वदलीय ‘यूनाइटेड डेमाक्रेटिक अलायंस नगालैंड’ (यूडीएएन) अध्यक्ष टी. आर. जेलिआंग ने सोमवार को कहा कि नगा राजनीतिक मुद्दे पर आगे की बातचीत के लिए दिल्ली जाने के संबंध में एनएससीएन (आईएम) के फैसले के बाद राज्य सरकार इस दिशा में उचित कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि एनएससीएन (आईएम) इस मुद्दे पर संभवत: सोमवार या मंगलवार को बैठक करेगा उसके बाद आवश्यकता अनुसार ‘पार्लियामेंटरी कमेटी’ आगे का फैसला लेगी।
जेलिआंग ने कहा कि एनएससीएन (आईएम) के नेताओं ने 13 मई को केन्द्र के वार्ताकार ए. के. मिश्रा के साथ बैठक में ‘फॉर्मूलेशन पेपर’ देखने के बाद बैठक से चले गए थे। यह ‘फॉर्मूलेशन पेपर’ मिश्रा ने तैयार किया था।
जेलिआंग ने कहा, ‘‘उन्होंने (एनएससीएन-आईएम) ने कहा था कि वे इसपर विचार करेंगे और जरूरत होने पर वापस आएंगे। हालांकि अब कैम्प हेबरॉन स्थित एनएससीएन (आईएम) मुख्यालय में 31 मई को हुई बैठक में लिये गए फैसले के अनुसार अब वे वापस नहीं जा रहे हैं।’’
वहीं, ‘नगालैंड पार्लियामेंटरी कमेटी’ ने 16 जुलाई को आयोजित अपनी बैठक में केन्द्र से अनुरोध किया था कि वह नगा राजनीतिक मुद्दे के समाधान के लिए एनएससीएन (आईएम) को बुलाये।
उन्होंने कहा, ‘‘एनएससीएन (आईएम) का रुख अभी भी वहीं है.. अलग झंडे और संविधान के बगैर नगा राजनीतिक मुद्दे पर कोई समझौता नहीं। इसलिए हमने (पार्लियामेंटरी कमेटी की कोर समिति) मिश्रा से अनुरोध किया कि उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित करें ताकि इस पर चर्चा हो सके और अगर कोई विकल्प उपलब्ध है तो वे ‘फॉर्मूलेशन पेपर’ में फेरबदल कर सकें।’’
जेलिआंग ने कहा कि मिश्रा पहले ही सूचित कर चुके हैं कि अगर बीमार चल रहे एनएससीएन (आईएम) के महसचिव थुईंगालेंग मुइवा बातचीत करने आने की स्थिति में नहीं हैं तो उनका प्रतिनिधिमंडल चर्चा के लिए दिल्ली आ सकता है।
मुख्यमंत्री नेफ्यू रिओ ने कहा, ‘‘इसमें सफलता मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)