नाबार्ड ने राज्य सहकारी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को 12,767 करोड़ रुपये का कर्ज दिया
नाबार्ड ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह कर्ज 4.8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर पेश किया जा रहा है। इसमें कहा गया है कि यह कर्ज नाबार्ड द्वारा अपने संसाधनों से पुनर्वित योजना के तहत वितरित किया जा रहा है और इसी सप्ताह यह दिया गया है।
मुंबई, पांच मई राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने मंगलवार को कहा कि उसने राज्य सहकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को आगे किसानों और जरूरतमंदों को कर्ज देने के लिये 12,767 करोड़ रुपये वितरित किये।
नाबार्ड ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह कर्ज 4.8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर पेश किया जा रहा है। इसमें कहा गया है कि यह कर्ज नाबार्ड द्वारा अपने संसाधनों से पुनर्वित योजना के तहत वितरित किया जा रहा है और इसी सप्ताह यह दिया गया है।
नाबार्ड ने कहा, ‘‘देशभर में इस सप्ताह राज्य सहकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को 12,767 करोड़ रुपये का कर्ज वितरित किया गया। इस कर्ज से इन इकाइयों के संसाधन बढ़ेंगे और उन्हें आगे किसानों और दूसरे जरूरतमंदों को कर्ज देने में सुविधा होगी।’’
भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले महीने ही नाबार्ड को 25,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की है। नाबार्ड इस वित्त का उपयोग क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों और सूक्ष्म वित्त संस्थानों को पुनर्वित सुविधा के तौर पर उपलब्ध करायेगा।
हालांकि, इस विकास वित्त संस्थान ने रिजर्व बैंक की पुनर्वित खिड़की से अभी तक कोई धन नहीं लिया है और अपने संसाधनों से ही 12,767 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये हैं।
नाबार्ड ने कहा है कि मार्च 2020 के दूसरे पखवाड़े से अब तक वह ग्रामीण बैंकों को 30,021 करोड़ रुपये वितरित कर चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)