देश की खबरें | मेरा पूरा ध्यान खेल पर, ‘बायोपिक’ के लिये इंतजार हो सकता है : नीरज चोपड़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा का कहना है कि वह अपने जीवन को पर्दे पर उतारे जाने से पहले कुछ और पदक जीतना चाहते हैं क्योंकि इससे उनकी फिल्म का हिट होना निश्चित हो जायेगा।
नयी दिल्ली, 11 नवंबर ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा का कहना है कि वह अपने जीवन को पर्दे पर उतारे जाने से पहले कुछ और पदक जीतना चाहते हैं क्योंकि इससे उनकी फिल्म का हिट होना निश्चित हो जायेगा।
जब से हरियाणा के भाला फेंक एथलीट ने ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धा में देश को पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाया है, तब से उनके जीवन पर फिल्म बनाये जाने को लेकर बातें चल रही हैं और उनसे पूछा जा रहा है कि स्क्रीन पर उनका किरदार कौन अच्छी तरह निभा सकता है।
लेकिन चोपड़ा का कहना है कि उनकी प्राथमिकता अब भी खेल ही है।
चोपड़ा ने ‘टाइम्स नाऊ समिट 2021’ में कहा, ‘‘मुझे फिल्म के लिये पेशकश की जा चुकी है लेकिन मुझे लगता है कि जो मैंने हासिल किया है, वह अभी महज शुरूआत ही है। यह मेरा पहला ओलंपिक था। मैं और पदक जीतना चाहता हूं। मैं नहीं चाहता कि मूवी फ्लॉप हो जाये। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं और पदक जीत सकता हूं तो मुझे लगता है कि फिर फिल्म हिट होगी। इस समय मेरा पूरा ध्यान खेलों पर है, मैंने बॉलीवुड के बारे में नहीं सोचा है। ’’
पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और ऐतिहासिक ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने भी खुलासा किया कि उन्हें भी उनके जीवन पर आधारित फिल्म की पेशकश हो चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘हां, मुझे भी ‘बायोपिक’ के लिये पेशकश हुई थी और बातचीत चल रही है। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)