देश की खबरें | मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मेघालय के विधायकों, सांसदों का समर्थन मांगा

उमियाम (मेघालय), छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को मेघालय दौरे पर यहां पहुंचीं और राष्ट्रपति चुनाव के लिए, राज्य में सत्तारूढ़ ‘मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन’ (एमडीए) के विधायकों का समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने यह जानकारी दी।

संगमा ने मुर्मू को समर्थन देने का आह्वान करते हुए कहा कि वह देश में प्रत्येक आदिवासी का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा कि मेघालय ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मुर्म के प्रति अपना समर्थन जताया है।

मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन जुटाने के वास्ते राज्यों का दौरा कर रही हैं।

सूत्रों ने बताया कि इससे पहले, मुर्मू ने अरुणाचल प्रदेश का दौरा किया और राज्य के सत्तारूढ़ दल भाजपा और इसके गठबंधन सहयोगियों - एनपीपी और जद (यू) - के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान तीन निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहे। मुर्मू ने अरुणाचल के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ बी.डी. मिश्रा से भी मुलाकात की।

वहीं, मुर्मू विशेष विमान के जरिये शिलांग हवाई अड्डा पहुंची। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा भी थे।

हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री संगमा, विधानसभा अध्यक्ष मेतबाह लिंगदोह, भाजपा के मंत्री सनबोर सुलाई ने मुर्मू की अगवानी की।

बाद में मुर्मू ने बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान सोनोवाल और भौमिक भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान तृणमूल कांग्रेस के विधायक एच.एम. शांगप्लियांग भी मौजूद रहे।

मेघालय में 60 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के दो विधायक हैं। राज्य में भाजपा नेशनल पीपुल्स पार्टी की अगुवाई वाले गठबंधन में शामिल है।

सत्तारूढ़ गठबंधन में सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के पांच निलंबित विधायक मुर्मू के समर्थन में वोट दे सकते हैं। इन विधायकों ने एमडीए सरकार को समर्थन देने का आह्वान किया था।

विधानसभा में विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के 12 विधायक हैं। एनपीपी और कांग्रेस का लोकसभा में एक-एक सांसद है जबकि एनपीपी का राज्यसभा में भी एक सदस्य है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)