देश की खबरें | मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगने के लिए मेघालय पहुंचीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को मेघालय दौरे पर यहां पहुंचीं और वह राष्ट्रपति चुनाव के लिए, राज्य में सत्तारूढ़ ‘मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन’ (एमडीए) के विधायकों से समर्थन मांगेंगी। मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने यह जानकारी दी।
शिलांग, छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को मेघालय दौरे पर यहां पहुंचीं और वह राष्ट्रपति चुनाव के लिए, राज्य में सत्तारूढ़ ‘मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन’ (एमडीए) के विधायकों से समर्थन मांगेंगी। मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने यह जानकारी दी।
मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन जुटाने के वास्ते राज्यों का दौरा कर रही हैं।
सूत्रों ने बताया कि इससे पहले, मुर्मू ने अरुणाचल प्रदेश का दौरा किया और राज्य के सत्तारूढ़ दल भाजपा और इसके गठबंधन सहयोगियों - एनपीपी और जद (यू) - के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान तीन निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहे।
मुर्मू ने राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ बी.डी. मिश्रा से भी मुलाकात की।
विशेष विमान के जरिये मुर्मू, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा शिलांग हवाई अड्डा पहुंचे।
हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री संगमा, विधानसभा अध्यक्ष मेतबाह लिंगदोह, भाजपा के मंत्री सनबोर सुलाई, भाजपा विधायक ए. एल. हेक और भाजपा की मेघालय इकाई के अध्यक्ष ई. मावरी ने मुर्मू की अगवानी की।
मुर्मू सांसदों और विधायकों के साथ एक रिजॉर्ट में बैठक करेंगी।
मुख्यमंत्री ने पीटीआई- से कहा, ‘‘हमारे गठबंधन के सभी सहयोगी रिजॉर्ट में उपस्थित हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को हमारा सामूहिक सहयोग मिलेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)