देश की खबरें | सैफ हमला मामले में मुंबई की पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में महिला से पूछताछ की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई की एक पुलिस टीम ने अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के संबंध में सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक महिला से पूछताछ की। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, 27 जनवरी मुंबई की एक पुलिस टीम ने अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के संबंध में सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक महिला से पूछताछ की। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटना के संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।
कृष्णनगर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मकवाना मीतकुमार संजयकुमार ने पुष्टि की, ‘‘हमले के संबंध में नादिया में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई।’’
पुलिस सूत्र के मुताबिक जांच में पता चला है कि हमले के लिए मुंबई में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल फाकिर द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम महिला के नाम पर पंजीकृत था।
उन्होंने बताया कि महिला ने आरोपी को पहचानने से इनकार किया और दावा किया कि उसका उक्त सिम वाला मोबाइल फोन कई साल पहले कोलकाता में खो दिया था।
मुंबई पुलिस की दो सदस्यीय टीम रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंची।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुरू में बताया था कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, बाद में उन्होंने बताया कि इस मामले में पश्चिम बंगाल से किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस के अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘सैफ पर हमला मामले में मुंबई से आए पुलिस अधिकारियों ने नदिया जिले के छपरा में एक महिला से पूछताछ की। महिला ने कहा कि वह आरोपी शरीफुल को नहीं जानती।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)