देश की खबरें | मुंबई पुलिस दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पुलिस है: निवर्तमान शीर्ष पुलिस अधिकारी विवेक फणसालकर

मुंबई, 30 अप्रैल मुंबई के निवर्तमान पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर ने कहा कि लंदन की ‘स्कॉटलैंड यार्ड’ पुलिस नहीं बल्कि मुंबई पुलिस दुनिया में सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल है।

पुलिस बल में 35 साल तक सेवा देने के बाद फणसालकर बुधवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती उनकी जगह लेंगे।

अपने विदाई संदेश में फणसालकर ने कहा, ‘‘कई बार हम अपने पुलिस बल की तुलना ‘स्कॉटलैंड यार्ड’ से करते हैं, लेकिन मेरी राय में मुंबई पुलिस दुनिया में सर्वश्रेष्ठ पुलिस है।’’

‘स्कॉटलैंड यार्ड’ मेट्रोपॉलिटन पुलिस सेवा का मुख्यालय है, जो लंदन में कानून प्रवर्तन के लिए जिम्मेदार है।

विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों और विभिन्न प्रकार के लोगों का सामना करने के बावजूद मुंबई पुलिस दो करोड़ की आबादी वाले राज्य की राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अथक प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास जगह, संसाधन और मानवबल की कमी हो सकती है, लेकिन हमारे दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पांच साल तक संयुक्त पुलिस आयुक्त और लगभग तीन साल तक पुलिस आयुक्त के रूप में मुंबई पुलिस का हिस्सा होने के अपने अनुभव पर मैं गर्व से कह सकता हूं कि मुंबई पुलिस दुनिया की नंबर एक (पुलिस) बल है।’’

फणसालकर ने कहा कि मुंबई पुलिस ने पिछले साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को कुशलता से संभाला और सुनिश्चित किया कि एक भी अप्रिय घटना न हो।

उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस समाज और देश को एकजुट रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)