खेल की खबरें | मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ में अपनी किस्मत खुद तय करने की हकदार है: जयवर्धने

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मंगलवार को कहा कि टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) प्लेऑफ में जगह बनाने की ‘हमेशा से दावेदारी’ में थी और मौजूदा सत्र में लगातार छह मैच जीतने के बाद अपनी किस्मत खुद तय करने की हकदार है।

मुंबई, 20 मई मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मंगलवार को कहा कि टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) प्लेऑफ में जगह बनाने की ‘हमेशा से दावेदारी’ में थी और मौजूदा सत्र में लगातार छह मैच जीतने के बाद अपनी किस्मत खुद तय करने की हकदार है।

पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में चौथा और अंतिम स्थान हासिल करने के लिए बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत की जरूरत होगी। प्लेऑफ में गुजरात टाइटन्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स अन्य तीन टीमें हैं।

मुंबई की टीम इस मैच में अगर हार का सामना करती है तो उसे 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना होगा।

जयवर्धने ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टीम के मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हम लगातार छह जीत के बाद हमेशा प्लेऑफ के लिए दावेदार थे। हमारे लिए टूर्नामेंट (फिर से) शुरू होने पर और अच्छा क्रिकेट खेलना जारी रखना जरुरी है। खिलाड़ी इसका इंतजार कर रहे थे। हमारा अभ्यास सत्र बहुत अच्छा रहा और हम एक समय में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह (प्लेऑफ में पहुंचना) हमारे नियंत्रण में है, यहां होना एक शानदार स्थिति है। मैंने खिलाड़ियों से अपनी योजना को पहले की तरह आगे बढ़ने के लिए कहा है। किसी और के नियंत्रण में होने और उस स्थिति को देखने से बेहतर है कि हम इसे अपने नियंत्रण में रखें।  हम कल अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।’’

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल ने कहा कि उनकी टीम को इस मुकाबले में मिशेल स्टार्क की कमी खलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मायने रखेगा क्योंकि वह हमारे मुख्य तेज गेंदबाज हैं जो 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं, गेंद को स्विंग करते हैं। वानखेड़े की विकेट तो वैसे भी स्विंग गेंदबाजों की मददगार होती है। यहां अच्छा उछाल भी मिलता है।’’

 उन्होंने कहा, ‘‘जब मुख्य खिलाड़ी नहीं होता है तो आपको अन्य विकल्पों के बारे में सोचना पड़ता है। आप यह सोचकर अटके नहीं रह सकते कि ‘वह अब नहीं है, क्या होगा?’। आपको अपने पास मौजूद खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ना होगा और सुनिश्चित करना होगा कि वे अच्छा प्रदर्शन करें।’’

उन्होंने मौजूदा सत्र में 500 से अधिक रन बनाने वाले अनुभवी बल्लेबाज लोकेश राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि अगर जरूरी हुआ तो वह पारी का आगाज करेंगे।

राहुल ने दिल्ली के पिछले मैच में पारी का आगाज करते हुए शतक जड़ा था।

मुनाफ ने कहा, ‘‘वह असाधारण बल्लेबाजी कर रहा है। उसने सभी क्रम पर रन बनाये हैं। जब भी टीम को जरूरत होती है वह जिम्मेदारी उठाता है। वह फिर से पारी की शुरुआत कर सकता है। हमारी सलामी जोड़ी सफल नहीं हो पा रही थी इसलिए उसने वह जिम्मेदारी उठाई और शतकीय पारी खेली।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\