देश की खबरें | सोफिया कुरैशी पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मप्र के मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी को लेकर मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की मानसिकता महिला विरोधी है।

नयी दिल्ली, 13 मई कांग्रेस ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी को लेकर मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की मानसिकता महिला विरोधी है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को कथित तौर पर 'आतंकवादियों की बहन' करार दिया।

उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर जब उनकी कड़ी आलोचना होने लगी, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि इसे अलग संदर्भ में ना देखा जाए, क्योंकि 'हमारी बहनों' ने बहुत ताकत से सेना के साथ मिलकर पहलगाम हमले का बदला लिया है।

कर्नल सोफिया कुरैशी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान को लेकर भारत के पक्ष को मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया के सामने रखने वाली टीम का हिस्सा रहीं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा की मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने हमारी वीर बेटी कर्नल सोफिया क़ुरैशी के बारे में बेहद अपमानजनक, शर्मनाक और ओछी टिप्पणी की है। पहलगाम के आतंकी देश को बांटना चाहते थे, पर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने में पूरे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश एकजुट था।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस की मानसिकता महिला विरोधी रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पहले पहलगाम में शहीद नौसेना ऑफ़िसर की पत्नी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया, फिर विदेश सचिव विक्रम मिस्री की बेटी को तंग किया और अब भाजपा के मंत्री हमारी वीरांगना सोफिया क़ुरैशी के लिए ऐसी अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।’’

खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ऐसे मंत्री को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि मंत्री का बयान पूरी तरह अक्षम्य है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इन छद्म राष्ट्रवादियों के मन में हमारी बहादुर सशस्त्र सेनाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है।’’

कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारी सेना की बहादुर बेटियों को 'आतंकवादियों की बहनें' कहना न केवल घृणित है, बल्कि देशद्रोह भी है। भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह का बयान हर भारतीय को शर्मसार करता है। क्या पीएम मोदी कार्रवाई करेंगे या अपने से पहले के अन्य लोगों की तरह उन्हें भी पुरस्कृत करेंगे? माफ़ी मांगें या स्वीकार करें कि आप इसका समर्थन करते हैं।’’

कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद दानिश अली ने आरोप लगाया कि विजय शाह का बयान राष्ट्रद्रोह की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा के लोग सेना की वर्दी में भी धर्म खोजते हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी भारत की बेटी हैं, सेना की शान हैं। जो मंत्री उन्हें “आतंकवादियों की बहन” कह रहा है, वो पूरी भारतीय सेना का अपमान कर रहा है। ये जहरीला धर्मांधपन है।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\