देश की खबरें | मप्र : तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक गांव में तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

राजगढ़, 27 अगस्त मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक गांव में तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना शनिवार को राजगढ़ कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।

राजगढ़ कोतवाली थाने के प्रभारी अनिल राय ने बताया कि मृतकों की पहचान हीरापुरा गांव की रहने वाली प्रेम बाई तंवर और उसकी दो पोतियों पिंकी (11) एवं रवीना (7) के रूप में की गई है।

राय के मुताबिक, प्रेमबाई अपनी दोनों पोतियों के साथ जंगल में भैंसें चराने गई थी, तभी भैंसें पास के किशनपुरिया गांव के समीप बने तालाब में चली गईं। उन्होंने बताया कि भैंसों को देखने के लिए दोनों बालिकाएं भी तालाब में उतरीं और गहरे पानी में जाने से डूबने लगीं।

राय के अनुसार, दोनों पोतियों को डूबता देख दादी प्रेम बाई भी उन्हें बचाने के लिए तालाब में कूद गई और तीनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शव बरामद कर जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए।

राय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\