देश की खबरें | मप्र : गोलवलकर को लेकर आपत्तिजनक वॉट्सऐप स्टेटस पर कांग्रेस पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सोशल मीडिया मंच वॉट्सऐप पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एमएस गोलवलकर को लेकर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने के आरोप में इंदौर में कांग्रेस के एक पार्षद के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 सितंबर सोशल मीडिया मंच वॉट्सऐप पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एमएस गोलवलकर को लेकर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने के आरोप में इंदौर में कांग्रेस के एक पार्षद के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मल्हारगंज पुलिस थाने के प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि संघ के स्थानीय स्वयंसेवक राजपाल जोशी की शिकायत पर वॉर्ड क्रमांक 58 के पार्षद अनवर कादरी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 505(2) (अलग-अलग वर्गों में दुश्मनी, घृणा या वैमनस्य फैलाने वाला कथन) और धारा 188 (किसी सरकारी अफसर का हुक्म नहीं मानना) के तहत सोमवार रात मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने प्राथमिकी के आरोपों के हवाले से बताया कि गोलवलकर को लेकर कादरी के 25 सितंबर को डाले गए आपत्तिजनक वॉट्सऐप स्टेटस से त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द्र और समरसता बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कांग्रेस पार्षद को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच जारी है।
इस बीच, जोशी ने कहा, ‘‘कादरी ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर गुरुजी (संघ हलकों में गोलवलकर का लोकप्रिय नाम) की तस्वीर वाला एक पोस्टर डाला जो समाज के अलग-अलग तबकों के बीच सौहार्द्र और समरसता के लिहाज से बेहद आपत्तिजनक है।’’
संघ के स्वयंसेवक ने दावा किया कि इस पोस्टर पर गोलवलकर के नाम से एकदम मनगढ़ंत बयान छपा था और कांग्रेस पार्षद ने इस आपत्तिजनक कथन की प्रामाणिकता जांचे बगैर इसे जान-बूझकर सोशल मीडिया पर डाला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)