देश की खबरें | मप्र: प्रत्याशी के खिलाफ हार के बाद लोगों को धमकाकर बांटे गये रुपये वसूलने के आरोप में मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के नीमच जिले में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में एक सरपंच पद के प्रत्याशी ने लोगों को लुभाने के लिए पहले कथित रूप से रुपये बांटे और चुनाव हारने के बाद धमकी देकर बांटे गये रुपये उनसे वसूले।

नीमच (मप्र), 12 जुलाई मध्य प्रदेश के नीमच जिले में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में एक सरपंच पद के प्रत्याशी ने लोगों को लुभाने के लिए पहले कथित रूप से रुपये बांटे और चुनाव हारने के बाद धमकी देकर बांटे गये रुपये उनसे वसूले।

इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। उन्होंने बताया कि यह वीडियो नीमच जिले के मनासा तहसील की पंचायत देवरान का है, जहां राजू दायमा नामक व्यक्ति चश्मे के चुनाव चिह्न पर सरपंच का चुनाव लड़ा था। उन्होंने बताया कि चुनाव नतीजे आने के बाद दायमा चुनाव हार गया।

कनेश ने बताया कि इस वीडियो में कुछ लोग डरा-धमकाकर रुपये की वसूली करते दिखाई दे रहे हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में पुलिस ने रामपुरा थाने में आरोपी राजू दायमा और उसके साथी कन्हैया उर्फ कान्हा बंजारा के खिलाफ भादंवि की धारा 323, 294, 506 के तहत मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि वहीं इस मामले में रुपये बांटने और धमकाकर वापस उगाने को लेकर पुलिस जांच के बाद धाराएं बढ़ाएगी।’’

इसी बीच, वरिष्ठ अधिवक्ता महेश पाटीदार ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में इतने बड़े पैमाने पर धांधली होती है, इसका पता इस वीडियो से साफ तौर पर चलता है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में सरपंच पद के उम्मीदवार दायमा के लोग गांव में वोट के लिए बांटे गए रुपये वापस वसूलते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद प्रत्याशी के लोग किस तरह ग्रामीणों को डरा रहे हैं और उन्होंने बांटे गए रुपयों में से डरा-धमकाकर करीब चार लाख रुपये वापस वसूल लिये। उन्होंने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग और पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\