ताजा खबरें | तीन साल में पड़ोसी देशों से सीमापार घुसपैठ के दो हजार से अधिक मामले सामने आए : सरकार

नयी दिल्ली, सात दिसंबर सरकार ने मंगलवार को बताया कि पिछले तीन वर्षों में पड़ोसी देशों से सीमापार घुसपैठ के दो हजार से अधिक मामले सामने आए हैं तथा इन्हें रोकने एवं नियंत्रित करने के लिये निगरानी सहित अन्य कदम उठाये जा रहे हैं ।

लोकसभा में चिराग पासवान के प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने यह जानकारी दी।

चिराग ने पूछा था कि क्या सरकार का सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात में भारी वृद्धि को देखते हुए घुसपैठ की निगरानी एवं जांच करने के लिये विशेष निगरानी दल गठित करने का विचार है तथा तीन वर्षों में घुसपैठ के कितने मामले सामने आए।

इस पर गृह राज्य मंत्री प्रमाणिक द्वारा पेश किये गए आंकड़ों के मुताबिक, तीन वर्षों में पड़ोसी देशों से सीमापार घुसपैठ के 2,073 से अधिक मामले सामने आए हैं।

इन आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ के 128 मामले, भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ के 1,787 मामले, भारत-नेपाल सीमा पर घुसपैठ के 25 मामले तथा भारत-म्यामां सीमा पर घुसपैठ के 133 मामले दर्ज किये गए।

निचले सदन में पेश आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में भारत-भूटान सीमा पर घुसपैठ के शून्य मामले तथा भारत-चीन सीमा पर भी घुसपैठ के शून्य मामले दर्ज किये गए ।

प्रमाणिक ने बताया कि सीमा रक्षक बलों सहित सरकार की एजेंसियों द्वारा घुसपैठ को रोकने एवं नियंत्रित करने के लिये निगरानी सहित अन्य कदम उठाये जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)