देश की खबरें | रामगढ़ उपचुनाव में तीन बजे तक 62 प्रतिशत से अधिक मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक मतदान शांतिपूर्ण रहा और 62 से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
रामगढ़, 27 फरवरी झारखंड के रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक मतदान शांतिपूर्ण रहा और 62 से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में कुल 62.28 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया ।
प्रवक्ता ने बताया कि कहीं से भी किसी प्रकार की हिंसा या गड़बड़ी की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं में खासा उत्साह है और मतदान सुचारू रूप से जारी है।
मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें नजर आ रही हैं। इस सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदान के लिए नौजवान, बुजुर्ग एवं महिलाओं में खासा उत्साह है और मतदान केंद्र पर लोग बड़ी तादाद में देखे जा सकते हैं ।
इस सीट पर मुख्य मुकाबला आपराधिक मामले में सजायाफ्ता कांग्रेस की ममता देवी के पति बजरंग महतो एवं भाजपा समर्थित आजसू उम्मीदवार तथा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी के बीच है ।
ममता देवी की विधानसभा की सदस्यता रद्द किये जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी ।
एक अधिकारी ने बताया कि मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा, हालांकि, कतार में खड़े लोगों को पांच बजे के बाद भी वोट देने की अनुमति होगी ।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव में कुल तीन लाख 35 हजार 734 मतदाता हैं जो 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे । उन्होंने बताया कि इस सीट पर उपचुनाव के लिये 405 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
अधिकारी ने बताया कि इस सीट पर पुरुष मतदाताओं की संख्या कुल एक लाख 73 हजार 550 व महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 62 हजार 184 है।
इस सीट पर ममता देवी ने 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी, लेकिन एक आपराधिक मामले में पांच साल की सजा होने के के चलते उनकी विधायकी चली गई और इसी वजह से यहां हो रहे उपचुनाव हैं जिसमें कांग्रेस ने उनके पति को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं दूसरी ओर इस मुकाबले गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी तथा आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी चुनाव मैदान में हैं उनको राजग ने संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारा है।
सुनीता चौधरी 2019 के चुनाव में भी उम्मीदवार बनी थीं लेकिन त्रिकोणीय मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इससे दो दिन पहले शनिवार को कांग्रेस नेता राजकिशोर बाउरी उर्फ बिदका की तीन अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी जिससे चुनाव के माहौल में तनाव आ गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)