देश की खबरें | मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री सुगा से की बातचीत, भारत आने का दिया आमंत्रण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के अपने समकक्ष योशिहिदे सुगा से फोन पर बातचीत की और इस दौरान दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत और जापान के मजबूत संबंध मौजूदा क्षेत्रीय व वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 25 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के अपने समकक्ष योशिहिदे सुगा से फोन पर बातचीत की और इस दौरान दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत और जापान के मजबूत संबंध मौजूदा क्षेत्रीय व वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे।

उन्होंने पिछले कुछ सालों में दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी में हुई प्रगति को और मजबूत करने का इरादा जताया।

यह भी पढ़े | IANS C-Voter Bihar Opinion Poll Survey: बिहार में लोगों की पसंद हैं प्रधानमंत्री मोदी, नीतीश कुमार का प्रभाव कम.

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में सुगा की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का आमंत्रण भी दिया।

बयान में कहा गया, ‘‘दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि पिछले कुछ सालों में भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी में काफी प्रगति हुई है और उन्होंने आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित इस रिश्ते को और मजबूत करने का इरादा जताया।’’

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: सीएम के तौर पर नीतीश कुमार 30.9 प्रतिशत लोगों की पसंद: सर्वे.

मोदी और सुगा ने इस पर भी सहमति व्यक्त की कि कोविड-19 महामारी सहित अन्य वैश्विक चुनौतियों को देखते हुए दोनों देशों के बीच साझेदारी आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है।

बयान के मुताबिक, ‘‘उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की आर्थिक संरचना को लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं पर आधारित बनाया जाना चाहिए और इस संदर्भ में उन्होंने भारत, जापान और अन्य समान विचारधारा वाले देशों के बीच सहयोग का स्वागत किया।’’

दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी में हुई प्रगति की सराहना की और इस संदर्भ में कुशल श्रमिकों से संबंधित समझौते की विषय वस्तु को अंतिम रूप देने का स्वागत किया।

इस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति में सुधार के बाद सुगा को वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का आमंत्रण दिया।

बाद में मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से बहुत ही अच्छा संवाद हुआ। पिछले कुछ सालों में हमारे संबंधों में हुई शानदार वृद्धि के साथ विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी को लेकर भी हमने विचारों का आदान प्रदान किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने सहमति जताई कि भारत और जापान के मजबूत संबंध मौजूदा क्षेत्रीय व वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे। हम हर क्षेत्र में अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री सुगा के साथ काम करने को उत्सुक हूं।’’

मालूम हो कि सुगा ने जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर शिंजो आबे की जगह ली है। आबे ने स्वास्थ्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जापान की संसद में इसी माह हुए मतदान में सुगा को औपचारिक तौर पर नया प्रधानमंत्री चुना गया था। सुगा लंबे समय से आबे के करीबी रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\