देश की खबरें | तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम बारिश, छिटपुट जगहों पर भारी बारिश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चेन्नई और उपनगरों सहित तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई, जिससे इस गर्मी में निवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

चेन्नई, 19 मई चेन्नई और उपनगरों सहित तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई, जिससे इस गर्मी में निवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर, ऊपरी हवा के परिसंचरण के कारण चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, उलुन्थुरपेट, मयिलादुथुराई और कुछ अन्य जिलों में रात भर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आई। सोमवार की सुबह अचानक हुई बारिश के कारण कार्यालय जाने वाले कई लोगों को परेशानी हुई।

एक सूत्र ने बताया कि कल्लकुरिची जिले के शंकरपुरम में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण करीब 500 एकड़ में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल इलाकों में गरज और बिजली चमकने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, थेनी, डिंडीगुल, इरोड, कृष्णागिरि और धर्मपुरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने बताया कि मंगलवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल इलाके में एक या दो स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज तथा बिजली चमकने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी ने 24 मई तक नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, इरोड, कृष्णागिरि, धर्मपुरी, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, सलेम, करूर, नमक्कल, तिरुचिरापल्ली जिलों और अन्य हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\