देश की खबरें | महाराष्ट्र में मंदिर फिर से खोलने की मांग को लेकर मनसे ने किया प्रदर्शन

पुणे, दो सितंबर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राज्य में मंदिरों को पुनः खोलने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को “घंटा नाद” विरोध प्रदर्शन किया और घंटे बजाए।

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी इस सप्ताह कस्बा गणपति मंदिर के बाहर इसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन किया था जिसके बाद पुलिस ने कथित तौर पर कोविड-19 नियमों के उल्लंघन के लिए उन पर मामला दर्ज किया था।

मनसे के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नगर इकाई के अध्यक्ष वसंत मोरे के नेतृत्व में ताम्ब्ड़ी जोगेश्वरी मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

मोरे ने कहा, “सभी होटल, बार, मॉल और दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है। जब सब कुछ फिर से खुल गया है तब राज्य सरकार हिन्दू त्योहारों पर प्रतिबंध लगा रही है। हमारी मांग है कि मंदिरों और पर्वों पर लगाए गए प्रतिबंध जल्द से जल्द हटाए जाएं।”

उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार ऐसा नहीं करती है तो मनसे अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर देगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)