आइजोल, 31 मार्च मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने आफस्पा के तहत आने वाले पूर्वोत्तर के अशांत क्षेत्रों की संख्या कम करने के फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
कंभमपति ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण क्षेत्र में शांति का अनुभव हो रहा है।
उन्होंने ट्वीट किया, ''मैं आफस्पा के तहत आने वाले अशांत क्षेत्रों की संख्या को कम करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए मिजोरम के लोगों की ओर से श्री नरेंद्र मोदी जी और श्री अमित शाह जी को धन्यवाद देता हूं। भारत सरकार के प्रयासों के कारण पूर्वोत्तर में शांति देखी जा रही है।''
जोरमथांगा ने भी ट्विटर पर मोदी और शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, “धन्यवाद श्री नरेंद्र मोदी जी, श्री अमित शाह जी। आपका हार्दिक धन्यवाद। पूर्वोत्तर भारत एक है।”
मुख्यमंत्री ने केंद्र के ऐतिहासिक फैसले को एक समझदारी भरा कदम बताया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि दशकों बाद एक अप्रैल से नगालैंड, असम और मणिपुर में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (आफस्पा) के तहत आने वाले अशांत क्षेत्रों को घटाया जा रहा है।
उन्होंने ट्वीट किया, “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत सरकार ने एक अहम कदम उठाते हुए नगालैंड, असम और मणिपुर में दशकों बाद सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून के तहत आने वाले अशांत इलाकों की संख्या कम करने का फैसला किया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति लाने के निरंतर प्रयासों और तेज विकास को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY