देश की खबरें | मिजोरम: 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में लड़कियों ने मारी बाजी

आइजोल, 31 मई मिज़ोरम स्कूल शिक्षा बोर्ड (एमबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए। इनमें 82.07 फीसदी विद्यार्थी कामयाब हुए हैं।

हायर सेकेंडरी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट(एचएसएसएलसी) के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों के इम्तिहान फरवरी-मार्च में हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि 82.10 प्रतिशत लड़कियां जबकि 82.04 फीसदी लड़के सफल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि कुल 9,773 विद्यार्थी सफल हुए हैं जिनमें 5174 लड़कियां शामिल हैं। कुल 11,908 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थीं।

कुल 67 विद्यार्थियों का कंपार्टमेंट आया है। इसके लिए परीक्षा की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।

आइजोल के साइनोड उच्चतर माध्यमिक स्कूल के लालरोहलुई राल्ते ने कला के विषयों में अव्वल स्थान हासिल किया है जबकि आइजोल के ही सेंट पॉल्स उच्चतर माध्यमिक स्कूल के साइमन लालरेम्सियामा शांगप्लियांग ने विज्ञान विषयों में टॉप किया है। राजधानी के ही ओइकोस उच्चतर माध्यमिक स्कूल के मरसी लालथांगसंगी ने वाणिज्य के विषयों में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)