देश की खबरें | आगरा में मेट्रो सेवा वर्ष 2024 की शुरुआत में चालू हो जाएगी: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2024 की शुरुआत तक आगरा में मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।

आगरा, छह फरवरी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2024 की शुरुआत तक आगरा में मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।

वह उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा आगरा मेट्रो रेल परियोजना की सुरंग के लिये भूमिगत कार्य का उद्घाटन कर रहे थे। संवाददाताओं से बातचीत में आदित्यनाथ ने कहा, ‘छह किलोमीटर का प्राथमिकता वाला गलियारा निर्धारित लक्ष्य से छह महीने पहले पूरा हो जाएगा और वर्ष 2024 की शुरुआत तक आगरा के लोगों के लिए मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी।’

एक बयान के मुताबिक प्राथमिकता वाला गलियारा छह किलोमीटर लंबा है, जो पूर्वी ताज गेट को जामा मस्जिद से जोड़ता है।

इस गलियारे में तीन एलीवेटेड मेट्रो स्टेशन ताज पूर्वी गेट, बसाई मेट्रो स्टेशन और फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन होगा। इसके अलावा इस गलियारे में जो तीन भूमिगत स्टेशन होंगे वे हैं-ताज महल, आगरा किला और जामा मस्जिद।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आगरा मेट्रो न केवल सार्वजनिक परिवहन में मदद करेगी, बल्कि पर्यटकों के लिए भी मददगार होगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। लखनऊ, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर में मेट्रो रेल सेवाएं चालू हैं।’’

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित जी-20 समिट के मार्ग का भी निरीक्षण किया। जी-20 की बैठक आगरा में 10 से 13 फरवरी तक आयोजित की जानी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जी-20 की बैठक की मेजबानी करने के लिए पूरे उत्साह के साथ तैयार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\