देश की खबरें | उदयपुर में विवाहिता युवती की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत: पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के उदयपुर में उस विवाहित युवती की सोमवार रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई जिसने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जयपुर, 28 जनवरी राजस्थान के उदयपुर में उस विवाहित युवती की सोमवार रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई जिसने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि युवती भावना यादव (28) ने अपने पति के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र की है।
पुलिस उपाधीक्षक छगन राजपुरोहित ने बताया कि भावना ने शनिवार को अपने पति से विवाद के बाद यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि भावना 80 प्रतिशत तक जल गई थी और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा, "कल रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।"
उन्होंने बताया कि महिला ने अपने बयान में कहा था कि उसने अपने ऊपर थिनर डालकर आग लगा ली थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता शनिवार शाम को वह अपने पति गजेंद्र के साथ काम से घर लौट रही थी, तभी सूरजपोल चौराहे के पास दोनों में झगड़ा हो गया, गुस्से में पति उसे वहीं अकेला छोड़कर चला गया। उन्होंने बताया कि आवेश में आकर भावना ने अपने ऊपर थिनर डाल लिया और सड़क पर ही खुद को आग लगा ली।
उन्होंने बताया कि वहां मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उन्होंने बताया कि भावना को उपचार के लिए एमबी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जब उसके पति को घटना के बारे में पता चला तो वह भी अस्पताल पहुंचा।
अधिकारी ने बताया कि दोनों पेंटिंग का काम करते थे और घटना के समय वे काम से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई थी, लेकिन वे उसका हालचाल जानने अस्पताल नहीं आए। उन्होंने बताया कि भावना के परिजन को उसकी मत्यु होने के बारे में सूचित कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)