मारी-लुईजे एटा बनीं बुंडेसलीगा की पहली महिला मुख्य कोच

मारी-लुईजे एटा पुरुषों की जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में किसी टीम की मुख्य कोच बनने वाली पहली महिला हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

मारी-लुईजे एटा पुरुषों की जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में किसी टीम की मुख्य कोच बनने वाली पहली महिला हैं. उन्हें खराब फॉर्म से जूझ रही यूनियन बर्लिन टीम की कोच बनाया गया है.यूनियन बर्लिन क्लब ने यह साहसिक कदम लीग में अपनी जगह सुरक्षित रखने के मकसद से उठाया है. इसके साथ ही, एटा यूरोप की बिग फाइव फुटबॉल लीगों की शीर्ष डिवीजनों में किसी पुरुष टीम की कमान संभालने वाली पहली महिला बन गई हैं.

34 वर्षीय एटा श्टेफान बाउमगार्ट की जगह लेंगी. यूनियन बर्लिन ने आधी रात से ठीक पहले घोषणा की कि श्टेफान को उनके सहायकों डैनिलो डीसूजा और केविन मैकेना के साथ शनिवार देर रात बर्खास्त कर दिया गया है. यह फैसला आखिरी स्थान पर मौजूद हाडेनहाइम से टीम की 3-1 की हार के बाद लिया गया.

एटा अभी यूनियन की अंडर-19 पुरुष टीम की कोच थीं. इस महीने की शुरुआत में वह अगले सीजन से यूनियन की महिला टीम की मुख्य कोच का पद संभालने के लिए सहमत हुई थीं. एटा ने क्लब की वेबसाइट से कहा, "तालिका के निचले हिस्से में अंकों के अंतर को देखते हुए बुंडेसलीगा में बने रहना अभी तय नहीं है. मुझे खुशी है कि क्लब ने मुझ पर इस चुनौतीपूर्ण काम के लिए भरोसा किया है. ऐसी स्थितियों में एकजुट होकर लड़ने की हमारी क्षमता यूनियन की ताकतों में से एक हमेशा रही है. निश्चित रूप से, मुझे विश्वास है कि हम टीम के साथ निर्णायक अंक हासिल करेंगे."

एटा ने इससे पहले 2023 में बुंडेसलीगा और बिग फाइव लीग में पहली महिला सहायक कोच बनकर इतिहास रचा था. 2024 में, जब मुख्य कोच नेनद बियाका को तीन मैचों के लिए निलंबित किया गया था, तब उन्होंने मीडिया ड्यूटी भी संभाली थी.

यूनियन के खेल निदेशक हॉर्स्ट हेल्ट ने एक बयान में कहा, "मुझे खुशी है कि मारी-लुईजे एटा ने महिला टीम की मुख्य कोच बनने से पहले, अंतरिम तौर पर इस भूमिका को निभाने के लिए तैयार हो गई हैं." पूर्व खिलाड़ी बाउमगार्ट को 2024-25 के विंटर ब्रेक के दौरान नियुक्त किया गया था, लेकिन हेल्ट ने कहा कि हालिया नतीजों ने क्लब को कड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया. हेल्ट के अनुसार सीजन का दूसरा भाग पूरी तरह से निराशाजनक रहा है. साथ ही लीग में जगह पक्की करने के लिए अंकों की सख्त जरूरत है.

हाडेनहाइम में हार के बाद यूनियन 18 टीमों के डिवीजन में 11वें स्थान पर है. सीजन के केवल पांच राउंड बाकी हैं और वे रेलीगेशन जोन में मौजूद सेंट पाउली से केवल सात अंक आगे हैं. हेल्ट ने आगे कहा, "विंटर ब्रेक के बाद से 14 मैचों में से केवल दो जीत और हाल के हफ्तों में जैसा प्रदर्शन रहा है, उससे हमें यह भरोसा नहीं मिलता कि हम मौजूदा सेटअप के साथ चीजों को बदल सकते हैं. इसलिए हमने एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है." यूनियन बर्लिन का अगला मुकाबला अगले सप्ताह वॉल्फ्सबुर्ग से होगा, जो खुद भी लीग में टिके रहने के लिए संघर्ष कर रहा है.

Share Now

Tags


संबंधित खबरें

लाड़की बहन योजना: eKYC पूरा न होने से लाखों महिलाएं सूची से बाहर, क्या सरकार देगी सुधार का एक और मौका?

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Scorecard: धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स के सामने रखा 223 रनों का टारगेट, वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Winner Prediction: अरुण जेटली स्टेडियम में आज दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

DC vs RR Stats In IPL: आईपीएल इतिहास में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आकंड़ें