एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव,दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाए जाने के दो महीने बाद पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) को हत्या के मामले में बदल दिया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मुंबई में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव,दो लोग गिरफ्तार

मुंबई, 29 जून मुंबई में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाए जाने के दो महीने बाद पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) को हत्या के मामले में बदल दिया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यहां चेंबूर इलाके में 19 अप्रैल को एक पेड़ से व्यक्ति का शव लटका मिला था।

तिलक नगर थाने के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि शुरू में पुलिस ने एडीआर दर्ज की थी, लेकिन उन्हें संदेह था कि व्यक्ति की हत्या की गई है क्योंकि शरीर पर कुछ निशान पाए गए थे।

जब पुलिस ने उस इलाके के निवासियों से पूछताछ की तो कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि उन्होंने घटना के दिन दो लोगों को व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा था।

अधिकारी ने बताया कि लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में वे वहां से चले गए क्योंकि हमलावरों ने उनकी बात नहीं सुनी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और अधिक जानकारी जुटाई।

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी सबूतों की मदद से पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान गौतम बोराडे उर्फ टकलाया (28) और अफजल शेख (20) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने व्यक्ति की हत्या कर दी और बाद में शव को कपड़े की रस्सी की मदद से पेड़ से लटका दिया था।

आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना वाले दिन वे तीनों नशे में थे। अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ने उनसे गाली गलौच की थी, जिसके बाद आरोपियों ने गुस्से में आकर उस पर जानलेवा हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2023 09:30 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).