देश की खबरें | मणिपुर विस चुनाव : कांग्रेस ने शाह पर उग्रवादियों का बयान तैयार करने का दावा किया

इंफाल, एक मार्च कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कुकी द्वारा जारी एक बयान को तैयार करने का मंगलवार को आरोप लगाया जिसमें मणिपुर के लोगों से भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट देने को कहा गया है।

कांग्रेस ने दो जिलों में फिर से मतदान कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि 28 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान स्वतंत्र एवं निष्पक्ष नहीं हुआ।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के वरिष्ठ पर्यवेक्षक जयराम रमेश ने दावा किया कि मतदान के दौरान कांगपोक्पी और चुराचांदपुर जिलों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं कुकी नेशनल ऑर्गेनाइजेशंस (केएनओ) के बयान के असर का परिणाम थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने तैयार किया और केएनओ के नाम से जारी किया।’’

रमेश ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी से यह संज्ञान लेने का अनुरोध करते हैं कि केएनओ ने भाजपा के लिए वोट न करने वाले सभी लोगों को धमकी दी थी जिसके कारण चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से नहीं हुए।’’

उन्होंने कांगपोक्पी और चुराचांदपुर जिलों के नौ निर्वाचन क्षेत्रों में फिर से मतदान कराने की मांग की।

इस बीच, कांग्रेस, एनपीपी और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने हेंगलेप निर्वाचन क्षेत्र में पुन: मतदान की मांग करते हुए चुराचांदपुर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया और दावा किया कि केएनओ के सशस्त्र उग्रवादियों ने 23 मतदान केंद्रों पर कब्जा कर लिया था।

कांग्रेस प्रवक्ता के. देवब्रत ने आरोप लगाया कि उग्रवादियों ने कांगपोक्पी जिले में सेतु निर्वाचन क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों पर कब्जा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)