देश की खबरें | मणिपुर: भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा ने कुकी समुदाय के दो विधायकों से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा ने सोमवार को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में कुकी समुदाय के दो विधायकों से मुलाकात की। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इंफाल, पांच मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा ने सोमवार को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में कुकी समुदाय के दो विधायकों से मुलाकात की। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, इंफाल हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पात्रा हेलीकॉप्टर से चुराचांदपुर रवाना हो गए।
चुराचांदपुर में, पात्रा ने थानलॉन के भाजपा विधायक वुंगज़ागिन वाल्टे से मुलाकात की, जो चार मई, 2023 को भीड़ के हमले में बच गए थे।
उन्होंने चुराचांदपुर विधायक एलएम खौते और 'जोमी स्टूडेंट फेडरेशन' (जेडएसएफ) के नेताओं से भी मुलाकात की।
जेडएसएफ नेताओं ने पात्रा को एक ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेता ने कुकी ज़ो काउंसिल (केजेडसी) और ज़ोमी काउंसिल (जेडसी) के नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की।
पत्रकारों द्वारा उनकी यात्रा के उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी ने कहा कि यह एक अनौपचारिक यात्रा थी।
पात्रा की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में मणिपुर के 21 विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अलग-अलग पत्र लिखकर राज्य में ‘‘लोकप्रिय सरकार’’ के गठन की मांग की थी ताकि शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
राज्य में वर्तमान में राष्ट्रपति शासन लागू है।
इन पत्रों पर 13 भाजपा विधायकों, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के तीन, नगा पीपुल्स फ्रंट के तीन और दो निर्दलीय विधायकों के हस्ताक्षर हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय को 29 अप्रैल को ये पत्र प्राप्त हुए।
विधायकों ने पत्र में लिखा है, ‘‘हम मानते हैं कि मणिपुर में लोकप्रिय सरकार का गठन ही शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने का एकमात्र रास्ता है।’’
सूत्रों ने बताया कि पात्रा चुराचांदपुर से लौटकर इंफाल में भाजपा विधायकों से मुलाकात करेंगे।
पात्रा ने इससे पहले फरवरी में मणिपुर का दौरा किया था।
केंद्र ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया था।
मई 2023 से राज्य में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)