मंगलुरु (कर्नाटक), चार जुलाई कर्नाटक में मंगलुरु ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र के उलाइबेट्टू में 21 जून को पीडब्ल्यूडी ठेकेदार पद्मनाभम कोटियन के घर हुई डकैती के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना को अंतरराज्यी गिरोह ने अंजाम दिया था और आरोपियों से लूटे गये गहने और अन्य वस्तुएं भी बरामद कर ली गई हैं।
मंगलुरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगलूरु निवासी वसंत कुमार (42), रमेश (42), बालकृष्ण शेट्टी (48) और रेमंड डिसूजा (47) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि इनके अलावा केरल निवासी जॉन बोस्को उर्फ जाकिर हुसैन (56), विनोद (38), साजीश एमएम (32), सतीश बाबू (44), बीजू जी (41) और शिजो देवासी (38) को भी गिरफ्तार किया गया है।
अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों को सूचना मिली थी कि ठेकेदार के घर पर तीन सौ करोड़ रुपये गाड़ कर रखे गए हैं; इसी लालच में उन्होंने लूट की साजिश रची और करीब तीन दर्जन लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि इस डकैती की योजना स्थानीय निवासी वसंत, रमेश, रेमंड और बालकृष्ण ने मिलकर बनाई थी। वसंत कोटियन के घर में काम करता था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक डकैती को अंजाम देने के लिए बालकृष्ण ने जॉन बोस्को के केरल में सक्रिय गिरोह से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि डकैती की योजना आठ महीने पहले बनाई गई थी और इसे अंजाम देने के लिए केरल का गिरोह मंगलुरु आया था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में अभी भी पांच-छह आरोपी फरार हैं जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डकैतों ने गड़ा धन मिलने की उम्मीद में शयनकक्ष की टाइलें तक उखाड़ दीं।
अग्रवाल ने बताया कि इस डकैती कांड को सुलझाने वाली टीम को सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि घटना के दिन आठ से नौ नकाबपोश डकैतों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के ठेकेदार कोटियन के घर में घुसकर चाकू एवं अन्य हथियारों के बल पर परिजनों को भयभीत कर दिया और लाखों रुपये की नकदी एवं गहने लूट लिये। आरोपियों ने विरोध करने पर एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY