जरुरी जानकारी | मंडाविया ने रसायन एवं उर्वरक मंत्री का पदभार संभाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को रसायन एवं उर्वरक मंत्री का पदभार ग्रहण किया।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को रसायन एवं उर्वरक मंत्री का पदभार ग्रहण किया।
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के भाजपा नेता मंडाविया ने डी वी सदानंद गौड़ा की जगह ली है, जिन्हें बुधवार को कैबिनेट फेरबदल में मंत्रिपरिषद से हटा दिया गया था।
मंडाविया ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री का पदभार ग्रहण किया था।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘मनसुख मंडाविया ने आज यहां केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री का पदभार ग्रहण किया। मंत्रालय के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया।’’
मंडाविया को बुधवार को पदोन्नयन कर राज्य मंत्री से कैबिनेट रैंक का मंत्री बनाया गया। वह जहाजरानी मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार संभाल रहे थे और रसायन और उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री थे।
रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तीन विभाग हैं - रसायन और पेट्रोरसायन विभाग; उर्वरक विभाग; और फार्मास्यूटिकल्स विभाग।
डीएपी और अन्य गैर-यूरिया उर्वरकों की कीमतों को नियंत्रित करना, किसानों को सब्सिडी का प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) लागू करना, बीमार यूरिया संयंत्रों का पुनरुद्धार, और फसल पोषक तत्वों के आयात पर भारत की निर्भरता को कम करना कुछ ऐसी चुनौतियाँ हैं जिन पर मंडाविया को तत्काल ध्यान केंद्रित करना होगा।
देश में महामारी लोगों के स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करना जारी रखे हैं, ऐसे में भेषज विभाग की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्हें पहली बार पांच जुलाई, 2016 को केंद्रीय कैबिनेट में सड़क परिवहन और राजमार्ग, नौवहन और रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया था।
राजेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)