देश की खबरें | मांडविया ने जी-20 किफायती और सुलभ शिखर सम्मेलन श्रृंखला के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की

नयी दिल्ली, पांच अगस्त केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने पल्सस ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. श्रीनिबाबू गेडेला के नेतृत्व में जी-20 किफायती और सुलभ शिखर सम्मेलन श्रृंखला टीम के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

वैश्विक स्तर के आयोजन का नेतृत्व कर रहे पल्सस ग्रुप ने एक बयान में कहा कि मंत्री ने इस पहल की सराहना की और अपना समर्थन दिया है। यह बैठक बृहस्पतिवार को हुई।

पल्सस ग्रुप ने एक बयान में कहा, ‘‘श्रृंखला का उद्देश्य चिकित्सा पर्यटन को बढ़ाने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रोत्साहित करना और ‘एक परिवार, एक पृथ्वी’ सिद्धांत पर जोर देना है। इसके तहत जी-20 के सभी देशों के लिए सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देना है।’’

मांडविया ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य क्षेत्र में पहुंच और किफायती होना समाज की जीवन रेखा है। यह सुनिश्चित करना हमारी अटूट जिम्मेदारी है कि ये जीवन रेखा हर व्यक्ति तक विस्तारित हों, चाहे उनकी भौगोलिक या वित्तीय सीमाएं कुछ भी हों।’’

बयान में कहा गया है कि यह श्रृंखला स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने और नवीन समाधानों को प्रोत्साहित करने के लिए संभावित निवेशकों और सलाहकारों के साथ जोड़ने पर भी जोर देती है।

बैठक में मौजूद राज्यसभा सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा, ‘‘शिखर सम्मेलन श्रृंखला स्वास्थ्य सेवा को अधिक सुलभ, किफायती और न्यायसंगत प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस परिवर्तनकारी यात्रा पर विश्व नेताओं, स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों और नवप्रवर्तकों को एकजुट करना उत्साहवर्धक है।’’

हेल्थ-20 पहल के तहत हेल्थकेयर शिखर सम्मेलन श्रृंखला फ्रैंकफर्ट, तोक्यो, टोरंटो, न्यूयॉर्क, बीजिंग, लंदन, वियना, केप टाउन, रोम, पेरिस, रियाद, बाली, साओ पाउलो, सियोल, इस्तांबुल, और नयी दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद समेत कई शहरों में आयोजित होने वाली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)