कोझिकोड (केरल), 22 जुलाई सड़क दुर्घटना के सिलसिले में पुलिस हिरासत में लिए गए 42 वर्षीय व्यक्ति की पास के वडाकारा में मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, पी पी सजीवन और उसके दो दोस्तों को वडाकारा पुलिस ने बृहस्पतिवार को सड़क पर उपद्रव करने के आरोप में हिरासत में लिया था।
वडाकारा के पास थेरुवथ में बृहस्पतिवार की रात उनकी कार की एक अन्य वाहन से टक्कर होने के बाद सजीवन और उसके दोस्तों का एक व्यक्ति के साथ विवाद हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने हिरासत में मौत के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि सजीवन को दिल का दौरा पड़ा था।
वडाकारा के थाना प्रभारी (एसएचओ) विजेश ने कहा, ‘‘सजीवन और उसके दोस्तों और उनकी कार को आधी रात के आसपास थाने लाया गया। वे नशे में थे और खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया था और उन्हें इस हिदायत के साथ छोड़ दिया कि उन्हें गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है।’’
पुलिस ने दावा किया कि घर जाते समय रास्ते में सजीवन को कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं महसूस हुईं। इसके बाद उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। एसएचओ ने सरकारी डॉक्टर के हवाले से कहा कि सजीवन को दिल का दौरा पड़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY