देश की खबरें | ममता ने सबको सुरक्षा नहीं दे पाने वाली खट्टर की टिप्पणी का स्वागत किया

कोलकाता, दो अगस्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरियाणा के अपने समकक्ष और भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर के इस बयान का बुधवार को स्वागत किया कि हर किसी की सुरक्षा नहीं की जा सकती। मगर बनर्जी ने कहा कि सरकार को जातिवाद या सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा नहीं देना चाहिए।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं की पटकथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लिखी है और इसका मकसद चुनाव जीतने के लिए लोगों को विभाजित करना है।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने पत्रकार वार्ता में कहा, “ मैंने मनोहर लाल खट्टर का बयान देखा है। एक राजनीतिक नेता के तौर पर नहीं बल्कि इस देश के नागरिक के तौर पर मैं उनके बयान की सराहना करूंगी क्योंकि ये सच है कि सरकार हर किसी को सुरक्षा नहीं दे सकती है।”

हरियाणा में सांप्रदायिक हिंसा में दो होम गार्ड समेत छह लोगों के मारे जाने के बाद, खट्टर ने बुधवार को कहा कि सरकार के लिए हर नागरिक की रक्षा करना संभव नहीं है।

बनर्जी ने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह भी कहूंगी कि सरकार जातिवाद, पंथवाद या सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा नहीं दे सकती...सांप्रदायिक तनाव इसलिए शुरू हुआ क्योंकि भाजपा चुनाव जीतने के लिए लोगों को जाति, पंथ और देश के आधार पर बांटने का गंदा खेल खेल रही है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार हालांकि लोगों को शांति प्रदान कर सकती है।

बनर्जी ने कहा, “ अगर हम मानसिक रूप से मजबूत हैं व एकजुट हैं और लोगों को नहीं बांटेंगे तो ऐसी चीजें नहीं होंगी। ऐसा नफरत भरे भाषण और उकसावे की वजह से होता है।”

बनर्जी ने इस बात पर भी आश्चर्य जताया कि जिन राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं हुई हैं, वहां कोई केंद्रीय दल क्यों नहीं भेजा गया?

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)