देश की खबरें | बहराइच में नर तेंदुआ मृत पाया गया, दूसरे जानवर से संघर्ष के कारण मौत का अंदेशा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन अभयारण्य में भारत-नेपाल सीमा के निकट एक नर तेंदुआ मृत पाया गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
बहराइच (उप्र), 25 मई बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन अभयारण्य में भारत-नेपाल सीमा के निकट एक नर तेंदुआ मृत पाया गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अंदेशा है कि संभवत: बाघ अथवा किसी बड़े जानवर के साथ संघर्ष के कारण तेंदुए की मौत हुई होगी।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बी. शिवशंकर ने संवाददाताओं को बताया कि शनिवार को वनकर्मी भारत-नेपाल सीमावर्ती जंगल में गश्त पर थे तभी कतर्नियाघाट वन अभयारण्य के कतर्निया रेंज की कौड़ियाला बीट में तेंदुआ मृत मिला।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर आरंभिक जांच के बाद मृत तेंदुए को कब्जे में लिया और उसे रेंज कार्यालय लाया गया।
डीएफओ ने बताया कि तीन पशु चिकित्सकों ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की मानक संचालन प्रक्रिया के तहत मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया तथा बाद में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए का विसरा संरक्षित कर उसे विस्तृत जांच हेतु आईवीआरआई बरेली भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में श्वास में नली पंचर होने के कारण मौत की बात सामने आई है।
शिवशंकर ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण व आरंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी बाघ अथवा बड़े जानवर से संघर्ष के कारण तेंदुए की मौत हुई है। तेंदुए का कोई अंग गायब नहीं था।
इससे पहले गत सोमवार को डीएफओ बी. शिवशंकर ने ‘पीटीआई-’ से कहा था कि ‘‘कतर्नियाघाट वन प्रभाग करीब 550 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। जंगल में एक बाघ करीब 25 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपना प्रभाव क्षेत्र मानता है और तेंदुओं को वहां से खदेड़ता रहता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)