देश की खबरें | 'रघुजी तलवार' के लिए महाराष्ट्र सरकार ने खर्च किए 47 लाख रुपये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार ने प्रसिद्ध ‘रघुजी तलवार’ 47.15 लाख रुपये में खरीदी है।

मुंबई, 29 अप्रैल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार ने प्रसिद्ध ‘रघुजी तलवार’ 47.15 लाख रुपये में खरीदी है।

फडणवीस ने ‘एक्स’ पर कहा कि यह ऐतिहासिक तलवार नागपुर के भोंसले राजवंश के संस्थापक राजे रघुजी भोंसले की है, जिन्होंने 1745 में बंगाल के नवाब के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तलवार कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण सीधे तौर पर नहीं बल्कि एक मध्यस्थ के माध्यम से हासिल की गई है।

मंगलवार को नीलामी आयोजित करने वाली सोथबी ने अपने पोर्टल पर बताया कि ‘बास्केट-हिल्ट’ तलवार (खंडा) 38,100 पाउंड में बिकी। नीलामी से पहले अनुमान 6,000 से 8,000 पाउंड के बीच था।

इसने कहा कि यह एक हल्की घुमावदार, यूरोपीय शैली की एकधारी (एक तरफ धार वाली) तलवार है और एक हिस्से पर देवनागरी लिपि में सोने से लिखावट की गई है तथा तलवार एक पारंपरिक ‘बास्केट’ शैली की म्यान में लगी है।

सोथबी के पोर्टल के मुताबिक, तलवार के एक हिस्से पर देवनागरी लिपि में अंकित अभिलेख से पता चलता है कि इसे मराठा सेनापति रघुजी भोंसले (1739-55) के लिए बनवाया गया था, जिन्होंने दक्कन के उत्तर में नागपुर शहर पर केन्द्रित एक बड़े राज्य की स्थापना की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now