देश की खबरें | महाराष्ट्र : रायगढ़ जिले में मालगाड़ी पटरी से उतरी, पनवेल-वसई मार्ग पर परिचालन प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई जिससे पनवेल-वसई मार्ग पर रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 30 सितंबर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई जिससे पनवेल-वसई मार्ग पर रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने यह जानकारी दी।
प्राथमिक सूचना के मुताबिक घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराज मानसपुरे ने बताया कि अपराह्न तीन बजकर पांच मिनट पर पनवेल (रायगढ़ जिला) से वसई (पालघर जिला) जा रही मालगाड़ी की ब्रेक वैन सहित चार डिब्बे पटरी से उतर गए।
उन्होंने बताया, ‘‘दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी)कल्याण और कुर्ला स्टेशन से दुर्घटनास्थल पर भेजी गई हैं।’’
मानसपुरे ने बताया कि पनवेल से सड़क एआरटी दुर्घटनास्थल पर भेजी गई है। उन्होंने बताया कि यातायात को बहाल करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
रेलवे ने बताया कि हादसे के बाद पांच यात्री रेलगाड़ियों को कोंकण-मुंबई मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर रोका गया है।
हालांकि, हादसे की वजह से नवी मुंबई उपनगर सेवा पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) खंड पर प्रभावित नहीं हुई है क्योंकि दुर्घटना पनवेल- कलामबोली रेलवे स्टेशनों के बीच हुई है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)