देश की खबरें | पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा कर्मियों की गोलीबारी में महाराष्ट्र के मछुआरे की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) की कथित गोलीबारी में महाराष्ट्र के एक मछुआरे की मौत हो गयी और उसकी नौका पर सवार चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।
देवभूमि द्वारका (गुजरात), सात नवंबर गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) की कथित गोलीबारी में महाराष्ट्र के एक मछुआरे की मौत हो गयी और उसकी नौका पर सवार चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार को अपराह्न करीब चार बजे घटी।
देवभूमि द्वारका के पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी ने कहा, ‘‘पीएमएसए जवानों ने शनिवार शाम को गोली चलाई, जिसमें महाराष्ट्र के ठाणे का रहने वाला एक मछुआरा मारा गया जो मछली पकड़ने वाली नौका ‘जलपरी’ पर सवार था।’’
उन्होंने कहा कि नौका पर चालक दल के सात सदस्य सवार थे और इनमें से एक को गोलीबारी की घटना में मामूली चोट आई है। मृतक मछुआरे श्रीधर रमेश चामरे (32) का शव रविवार को ओखा बंदरगाह पर लाया गया तथा पोरबंदर नवी बंदर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर रही है।
जोशी ने बताया, ‘‘चामरे मछली पकड़ने की नौका ‘जलपरी’ पर सवार था, जो चालक दल के सात सदस्यों के साथ 25 अक्टूबर को ओखा से निकली थी। इनमें से पांच सदस्य गुजरात से और दो महाराष्ट्र से थे।’’
उन्होंने कहा कि घटना के मामले में जांच चल रही है।
भारतीय तट रक्षक (आईसीजी) ने एक बयान में कहा, ‘‘इस समय पुलिस अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और चालक दल के सदस्यों से संयुक्त पूछताछ की जा रही है। जांच के आंकड़े सामने आने के बाद ही जानकारी साझा की जा सकती है।’’
हालांकि, आईसीजी ने इस बात की पुष्टि की कि गोलीबारी हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और एक शख्स घायल हो गया।
नौका पर सवार छह लोगों को गिरफ्तार करने के पाकिस्तान के दावे के बारे में पूछने पर तट रक्षक ने कहा, ‘‘गिरफ्तारियों की पुष्टि नहीं हुई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)