मुंबई, 17 जून मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से कोडीन घटक वाली खांसी की दवाई जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कोडीन फॉस्फेट घटक वाली खांसी की दवा का तंत्रिकाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ता है और दवा की दुकानों पर आसानी से इसकी उपलब्धता के कारण इनका व्यापक रूप से दुरुपयोग किया जाता है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने बुधवार को सायन में दो लोगों को पकड़ा और उनके पास से 2.85 लाख रुपये मूल्य की कोडीन युक्त खांसी की दवाई के चार डिब्बे बरामद किए।
जांच से पता चला कि उनमें से एक, राजस्थान के पाली का रहने वाला, अपने रद्द किए गए मेडिकल लाइसेंस पर अपने राज्य से खांसी की दवाई के 40 और कार्टन लाया था और पड़ोसी ठाणे जिले के भिवंडी में एक गोदाम में इसकी खेप जमा कर दी थी।
इसके बाद पुलिस ने भिवंडी के गोदाम पर छापा मारा और 31.65 लाख रुपये की खांसी की दवा जब्त की। कुल 34.5 लाख रुपये की खांसी की दवा बरामद की गयी।
पुलिस के मुताबिक दोनों लोगों को स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY