देश की खबरें | महाराष्ट्र ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना: मृतक संख्या बढ़कर सात हुई, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 10 दिसंबर मुंबई में ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अधिकारी पता लगा रहे हैं कि क्या पट्टे पर लिए गए वाहन में कोई तकनीकी खामी थी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुर्ला (पश्चिम) में एसजी बर्वे मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में घायल हुए अन्य 42 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस ने पैदल यात्रियों और कुछ वाहनों को टक्कर मार दी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश में फडणवीस ने मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि घायलों के चिकित्सा पर खर्च को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) उपक्रम द्वारा वहन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवाने वालों के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों और उनके परिवारों को शीघ्र सहायता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ‘बेस्ट’ उपक्रम की बस पैदल यात्रियों और वाहनों को कुचलने के बाद बुद्ध कॉलोनी नामक आवासीय सोसाइटी में घुस गई और रुक गई।

सोमवार को इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

बीएमसी के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मृतक संख्या बढ़कर सात हो गई है।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि इनमें से 35 लोगों को कुर्ला के सरकारी भाभा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने बताया कि दो की पहले की मौत हो चुकी है। दो अन्य को अस्पताल में भर्ती होने के बाद मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन को निकटवर्ती निजी कोहिनूर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारी के अनुसार अन्य छह घायलों को निजी हबीब अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य का इलाज हो रहा है।

इस दुर्घटना में चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। उन्हें सरकारी सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 35 वर्षीय एक व्यक्ति को कुर्ला के निजी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद बस चालक संजय मोरे को हिरासत में ले कर उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि यह जांचने के लिए कि क्या वह शराब के नशे में थे, उसके रक्त के नमूने भी एकत्र किए गए।

दुर्घटना के पांच घंटे से अधिक समय बाद मीडिया के साथ इसका विवरण साझा करते हुए ‘बेस्ट’ ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया था।’’

‘बेस्ट’ के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है और उसकी कुछ खिड़कियों के शीशे भी टूट गए हैं।

बस को मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे ‘क्रेन’ और ‘अर्थ मूवर’ मशीन’ की मदद से मौके से हटाया गया और देर रात एक बजकर 15 मिनट पर कुर्ला डिपो लाया गया।

मोटर वाहन निरीक्षकों की एक टीम ने बस की जांच की ताकि पता लगाया जा सके कि उसमें कोई तकनीकी समस्या तो नहीं है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के सूत्रों ने बताया कि ये निरीक्षक अपनी जांच के आधार पर पुलिस को रिपोर्ट सौंपेंगे।

एक अधिकारी ने इससे पहले बताया था कि हैदराबाद स्थित ‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ द्वारा निर्मित 12 मीटर लंबी इस इलेक्ट्रिक बस को ‘बेस्ट’ ने पट्टे पर लिया था।

दुर्घटना के संबंध में, पट्टे पर देने वाली कंपनी ईवीईवाई ट्रांस और ओलेक्ट्रा से अब तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया है।

परिवहन निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद किए जाने के कारण बेस्ट कुर्ला स्टेशन तक बसें चलाने के बजाय अन्य निकटवर्ती स्थानों से 10 मार्गों पर बसें चला रही है।

बर्वे रोड कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है।

बर्वे रोड पर स्थित कुर्ला बस स्टैंड से बड़ी संख्या में यात्री बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए बस लेते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Zimbabwe vs West Indies, T20 World Cup 2026 44th Match Weather Update: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले में बारिश डालेगी खलल या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मुंबई के मौसम का हाल

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया 76 रनों से दी करारी शिकस्त, मार्को जानसन ने चटकाए 4 विकेट; यहां देखें IND बनाम SA मैच का स्कोरकार्ड

Zimbabwe vs West Indies T20 World Cup Stats: टी20 वर्ल्ड कप में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज का प्रदर्शन, यहां देखें आंकड़े

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया के सामने रखा 188 रनों का लक्ष्य, डेविड मिलर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\