देश की खबरें | महाराष्ट्र: सांगली में एटीएम चुराने के लिये एक व्यक्ति ने किया जेसीबी का इस्तेमाल

सांगली, 26 अप्रैल पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर एक जेसीबी मशीन चुराकर एक एटीएम हटाने और उसे ले जाने के लिये उसका इस्तेमाल किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना 22 और 23 अप्रैल की दरम्यानी रात मिराज तहसील के आगर गांव में एक निजी क्षेत्र के बैंक के एटीएम सेंटर में हुई।

एटीएम सेंटर का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें एक जेसीबी नकदी मशीन को निकालती दिख रही है।

मिराज ग्रामीण पुलिस थाने के निरीक्षक चंद्रकांत बेदारे ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने जेसीबी मशीन चुराकर उसका इस्तेमाल बैंक के एटीएम केंद्र से एटीएम को हटाने के लिए किया।

अधिकारी ने कहा, ''वह व्यक्ति बाद में डर के मारे एटीएम और जेसीबी मशीन को पास में ही एक इलाके में छोड़ गया। निरीक्षण के दौरान एटीएम के अंदर 27 लाख रुपये की नकदी मिली।''

बहरहाल, चोरी के प्रयास से एटीएम केंद्र और मशीन को चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बेदारे ने कहा, ''हमने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हम एटीएम केंद्र और उस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं जहां से जेसीबी चोरी हुई थी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)